विदेश मंत्री जवाद ज़रीफ़ ने आतंकवाद और चरमपंथ से निपटने के लिए इराक़ के साथ संयुक्त मोर्चे के गठन पर बल दिया है।
जवाद ज़रीफ़ ने शनिवार को तेहरान में इराक़ के संसद सभापति सलीम अलजबूरी से मुलाक़ात में यह बात कही। उन्होंने कहा कि क्षेत्रीय देश अपनी समस्याओं को बातचीत के ज़रिए हल कर सकते हैं। मोहम्मद जवाद ज़रीफ़ ने इराक़ में शांति और इस देश के भविष्य निर्माण के लिए सभी इराक़ी गुटों की उपस्थिति को बहुत महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि इराक़, अरब व इस्लामी देशों का सबसे प्रभावी देश है और उसे जल्द से जल्द अपने इस रोल को हासिल कर लेना चाहिए।
इस मौक़े पर इराक़ के संसद सभापति सलीम अलजबूरी ने परमाणु मामले में ईरान की सफलता को क्षेत्र के हित में बताया। उन्होंने कहा कि इराक़, क्षेत्र में स्थिरता लाने में ईरान की कोशिशों को अहमियत देता है। इराक़ के संसद सभापति ने इराक़ के संकट के दौरान इराक़ी जनता को ईरान की ओर से मदद की सराहना की और ईरान से इराक़ के आंतरिक संकटों के हल तथा चरमपंथ से संघर्ष के लिए उसके साथ रहने का आग्रह किया।